देहरादून में 72 वर्षीय महिला की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, बकाया 18 हजार की मजदूरी को लेकर नौकर ने की वारदात

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतका के परिवार के यहां काम करता था और उसकी 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। इसी को लेकर हुए विवाद के बाद उसने महिला पर हमला किया और पकड़े जाने के डर से उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं। महिला के चेहरे पर चोट के निशान भी थे। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की टीम ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। मामले में थाना रायपुर में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के जरिए जानकारी जुटाई। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार की भूमिका संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर में रह रहा है। वह त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में रात के सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। इसके अलावा वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर के तौर पर भी काम करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की करीब 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। कई बार पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने से वह नाराज था। घटना वाले दिन वह दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। उसे घर के पीछे का दरवाजा खुला रहने की जानकारी थी। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रेखा बंसल से बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद महिला बिस्तर पर गिरकर चिल्लाने लगीं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो गई है तो वह उनके हाथ से सोने का कंगन निकालकर वहां से फरार हो गया।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन और घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है।



