
उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र में आज सुबह एक निजी स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। लालकुआं कोतवाली अंतर्गत जयपुर बीसा गांव के पास बरेली रोड पर यह हादसा उस समय हुआ जब चालक दूसरी बस को साइड देने की कोशिश कर रहा था। नियंत्रण खोने पर बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी। बस में सवार बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और खिड़कियां तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में 12 से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस चालक और परिचालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दो बसें संकरी सड़क पर आमने-सामने आईं। एक बस किनारे हटने की कोशिश में खाई में जा पलटी। हादसे के बाद अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अस्पताल तथा स्कूल की ओर दौड़ पड़े।


