उत्तराखंड

सगाई से नाराज पूर्व प्रेमिका ने रची हत्या की साजिश, 5 लाख में दी बैंककर्मी की सुपारी

Listen to this article

देहरादून: कोतवाली पटेल नगर के बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ही हत्या की साजिश की मास्टरमाइंड निकली। प्रेमी के दूसरी युवती से सगाई करने से नाराज पूर्व प्रेमिका ने उसे रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने ज्वालापुर निवासी बैंककर्मी सत्यम कुमार पर फायरिंग कर दी थी। सत्यम अपनी बहन के साथ स्कूटी से घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार बदमाशों ने उसकी स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

11 सितंबर को पुलिस को दोनों शूटरों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो चाय बागान की पगडंडी के पास बदमाशों ने बाइक छोड़ दी और जंगल की तरफ भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी लक्सर निवासी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में घायल आरोपी अंकित ने पुलिस को बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के जरिए उसकी मुलाकात ज्वालापुर निवासी मालिया रहमान से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मालिया के कहने पर अंकित ने अपने साथी अंकुर के साथ सत्यम की हत्या की कोशिश की थी। इसके लिए 5 लाख रुपये में सौदा हुआ था और अंकित को 1.20 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे।

पुलिस की जांच में सामने आया कि मालिया और सत्यम वर्ष 2020 से एक-दूसरे के संपर्क में थे और दोनों के बीच करीब पांच साल तक प्रेम संबंध रहा। वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में शादी कर ली, लेकिन इसके बावजूद सत्यम से उसका संपर्क जारी रहा। बाद में उसका विवाह टूट गया। वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया।

पुलिस के मुताबिक, सत्यम ने फरवरी 2026 में किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी और उसे सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

जांच के अनुसार, मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी उपलब्ध कराई थी। इसके बाद 8 सितंबर को अंकित और अंकुर ने बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम पर फायरिंग की।

घटना के बाद आरोपी अंकित और अंकुर बाकी रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में अंकित घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अंकित की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार आरोपी अंकुर की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अंकित का पूर्व का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!