
देहरादून
नव वर्ष के आगमन पर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप ने समस्त जनपद प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए। आईजी गढ़वाल ने न केवल दिशा-निर्देश दिए, बल्कि नव वर्ष की पूर्व संध्या पर स्वयं राजधानी देहरादून सहित परिक्षेत्र के व्यस्त एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

आईजी राजीव स्वरूप की प्रभावी मॉनिटरिंग और स्पष्ट रणनीति का असर पूरे गढ़वाल परिक्षेत्र में देखने को मिला। ड्रंकन ड्राइव और रैश ड्राइविंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया, जिससे सड़कों पर अनुशासन और सुरक्षा का वातावरण बना रहा। इस अभियान के तहत
जनपद देहरादून में 78, हरिद्वार में 48, पौड़ी में 26 एवं टिहरी में 5 लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

जनपद देहरादून में एसएसपी श्री अजय सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस और यातायात पुलिस की टीमों ने पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाई। एसएसपी अजय सिंह द्वारा बनाए गए माइक्रो प्लान, लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग प्वाइंट्स और त्वरित निर्णयों के चलते न केवल कानून व्यवस्था नियंत्रण में रही, बल्कि आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात भी मिला।
नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस टीमों ने दिन-रात एक कर दिया। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप के मार्गदर्शन, एसएसपी अजय सिंह की सक्रियता और पूरी पुलिस टीम की एकजुट मेहनत का ही परिणाम रहा कि गढ़वाल परिक्षेत्र में नव वर्ष शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाया गया।
आम जनता ने भी पुलिस की इस सतर्कता और तत्परता की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि गढ़वाल पुलिस हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।



