देहरादून नगर निगम में मेयर की कुर्सी पर बैठा युवक, डेढ़ साल से कर रहा था ऐसी हरकतें ,कर्मचारियों ने पीटा; पुलिस हिरासत में

देहरादून। नगर निगम में हंगामा करने और मेयर की कुर्सी पर बैठने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोप है कि युवक पिछले डेढ़ साल से समय-समय पर नगर निगम पहुंचकर मेयर की कुर्सी पर बैठ जाता था। इस दौरान वह निगम कर्मचारियों, होमगार्ड और पुलिसकर्मियों के साथ भी कई बार हाथापाई कर चुका है। मंगलवार को भी युवक मेयर कार्यालय में पहुंचकर कुर्सी पर बैठ गया। इस पर कर्मचारियों ने उसे पकड़कर बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
नगर निगम के सुपरवाइजर दीपक बडोनी ने बताया कि युवक पिछले डेढ़ साल से इस तरह की हरकतें कर रहा था। कर्मचारियों ने कई बार उसे पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें जारी रहीं। मंगलवार को युवक फिर नगर निगम पहुंचा और मेयर कार्यालय में जाकर कुर्सी पर बैठ गया। कर्मचारियों की नजर पड़ने पर उसे बाहर लाया गया।
इस दौरान कर्मचारियों ने युवक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कर्मचारियों से बचाकर हिरासत में लेने लगी। आरोप है कि इस दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे नगर कोतवाली ले गई।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि युवक को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान रहता है और उसकी स्थिति की जांच की जा रही है। फिलहाल उसे धारा चौकी लाया गया है और उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



