UttarakhandWeather : दून में बढ़ी गर्मी, पहाड़ों में हल्की बारिश, बर्फबारी की संभावना :- प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा जबकि पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तराखंड में लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आज पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिसका असर तापमान पर भी देखने को मिल सकता है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों चटक धूप निकलने के कारण गर्मी बढ़ने लगी है और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।
राजधानी देहरादून में शुक्रवार को दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही। इसके बावजूद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक होकर 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादलों की मौजूदगी के कारण धूप थोड़ी हल्की रही, लेकिन गर्मी का असर बना रहा।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बढ़ा तापमान
प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान लगभग 3 डिग्री बढ़कर 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक होकर 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
इससे साफ है कि पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है। इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। करीब 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। हालांकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 12 मार्च तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हालांकि पहाड़ों में मौसम में बदलाव होने से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और हल्की बारिश का असर स्थानीय मौसम पर पड़ सकता है, लेकिन फिलहाल पूरे प्रदेश में तापमान पर इसका बड़ा असर देखने की संभावना कम है।



