
देहरादून
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आमजन से जुड़े कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू), वेरिफिकेशन सेल और पुलिस हेल्प डेस्क के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस कर्मियों को कार्यप्रणाली में तेजी लाने और आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने एलआईयू शाखा और वेरिफिकेशन सेल में तैनात कर्मियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्यापन से जुड़े दस्तावेजों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और सभी प्रक्रियाओं को तय समय में पूरा किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने वहां तैनात कर्मियों को निर्देशित किया कि एसएसपी कार्यालय में अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले आगंतुकों का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में नियमित रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही समय-समय पर आगंतुकों के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर उनकी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी भी ली जाए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कार्यालय में अपने कार्यों के संबंध में आए कुछ आगंतुकों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि आमजन के साथ दुर्व्यवहार या अनावश्यक रूप से परेशान करने संबंधी किसी भी शिकायत को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। यदि इस प्रकार की कोई शिकायत सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिकों के कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी को जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।


