केदारनाथ हेली सेवा की टिकटें एक घंटे में फुल, 15 जून तक 31,607 यात्रियों ने कराई बुकिंग

चारधाम यात्रा अपडेट। चारधाम यात्रा के तहत 22 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ हेली सेवा के लिए पहले चरण की टिकटें एक घंटे के भीतर ही फुल हो गईं। 15 जून तक की सभी सीटों की बुकिंग पूरी हो चुकी है। कुल 31,607 यात्रियों ने हेली टिकट बुक कराई है।
केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए हेली सेवा की सबसे अधिक मांग रहती है। इसका अंदाजा आईआरसीटीसी के पोर्टल पर हुई बुकिंग से लगाया जा सकता है। बुधवार शाम छह बजे पोर्टल खोला गया था। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग का अवसर दिया गया। शुरुआत में पोर्टल पर अधिक लोड के कारण कुछ तकनीकी दिक्कतें आईं, लेकिन इसके बाद एक घंटे के भीतर ही सभी टिकट फुल हो गए।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि पहले चरण में 15 जून तक की सभी टिकटें बुक हो चुकी हैं। आगे की यात्रा के लिए हेली सेवा की बुकिंग तिथि जून के पहले सप्ताह में तय की जाएगी।
केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से हेली सेवा संचालित होती है। इस बार गुप्तकाशी से ट्रांस भारत और चिप्सन एविएशन, फाटा से यूनाइटेड हेली चार्टर्ड, रजस एयरोस्पोर्ट और पिलिग्रिमेज एविएशन, जबकि सिरसी से एरो एयरक्राफ्ट और हिमालयन हेली के माध्यम से शटल सेवा संचालित की जाएगी।



