देहरादून में एसएससी परीक्षा नकल गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, सेंट जोन्स एकेडमी केंद्र सील

देहरादून: 13 फरवरी को आयोजित एसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले संगठित गिरोह के एक और सदस्य को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी ने परीक्षा केंद्र में सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चैंबर तैयार कर हाईटेक तरीके से नकल की पूरी व्यवस्था की थी। इससे पहले एसटीएफ इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मुख्य आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में गठित दो विशेष टीमों ने इनपुट विकसित कर मुख्य आरोपी ईश्वरी प्रसाद उर्फ इंद्रजीत शर्मा (निवासी दिल्ली) को नेहरू ग्राम स्थित सेंट जोन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो इंटरनेट राउटर बरामद किए गए, जिन्हें वह परीक्षा लैब में स्थापित करने की तैयारी में था।
हाईटेक नकल का जाल
जांच में सामने आया कि 13 फरवरी को स्टाफ सलेक्शन कमीशन द्वारा आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र महादेवी कन्या पाठशाला, देहरादून में पूरे नेटवर्क की संरचना तैयार की गई थी। सर्वर रूम से इंटरनेट केबल को यूपीएस रूम के नीचे बने एक गुप्त चैंबर तक जोड़ा गया था, ताकि साल्वर रिमोट एक्सेस के जरिए प्रश्नपत्र हल कर सकें।
भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से:
1 लैपटॉप
4 मोबाइल फोन
14 ब्लूटूथ/रिसीवर डिवाइस
20 बैटरियां
2 इंटरनेट राउटर
फर्जी आईडी कार्ड
बरामद किए गए हैं।
दिल्ली से देहरादून तक फैला नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दिल्ली में इलेक्ट्रिकल और नेटवर्किंग का काम सीखा था और स्कूलों/कॉलेजों में नेटवर्किंग का ठेका लेता था। उसकी मुलाकात नितिश कुमार और योगेश उर्फ योगी से हुई, जो पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अक्टूबर 2024 में वह देहरादून आया और महादेव डिजिटल जोन की लैब में पूरा सेटअप तैयार किया।
18 मई की परीक्षा पर भी खतरा
एसटीएफ के अनुसार, 18 मई को आयोजित होने वाली एसएससी कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा के लिए नेहरू ग्राम स्थित सेंट जोन्स एकेडमी भी परीक्षा केंद्र था। सर्वर से छेड़छाड़ और सुचिता भंग होने की आशंका को देखते हुए केंद्र को सील कर दिया गया है। इस संबंध में एसएससी के क्षेत्रीय निदेशक (दिल्ली) को भी सूचना दे दी गई है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा
नवंबर 2025 में एसएससी टियर-1 परीक्षा में नकल के मामले में कोतवाली नगर, देहरादून में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसे बाद में एसटीएफ को ट्रांसफर कर दिया गया। इस प्रकरण में रोहतक (हरियाणा) निवासी दीपक समेत अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसटीएफ का कहना है कि जांच में कुछ अन्य केंद्रों के सर्वर भी प्रभावित होने की आशंका सामने आई है और मामले की गहन जांच जारी है।



