
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य में सड़क, शिक्षा और शहरी विकास से जुड़े तीन अहम फैसले लिए हैं। इन पहलों से आम जनता, यात्रियों और युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। पहाड़ी क्षेत्रों में सिंगल लेन हाईवे को डबल लेन और मैदानी इलाकों में नेशनल हाईवे को फोर लेन में बदला जाएगा। साथ ही 11 हजार छात्रों को मुफ्त कोचिंग और देहरादून के मियांवाला में आधुनिक पार्क का लोकार्पण किया गया है।
पहाड़ों में सिंगल लेन हाईवे होंगे डबल लेन
लोक निर्माण विभाग ने तीन वर्षों में सड़क नेटवर्क सुधारने का लक्ष्य तय किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगभग 2,000 किमी नेशनल हाईवे हैं, जिनमें करीब 1,000 किमी पहले से डबल लेन हैं, जबकि शेष 1,000 किमी अभी सिंगल लेन हैं। विभाग ने सभी सिंगल लेन एनएच को तीन साल में डबल लेन करने का रोडमैप तैयार किया है। एचओडी राजेश शर्मा के अनुसार यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
मैदानी इलाकों में फोर लेन हाईवे
मैदानी क्षेत्रों में लगभग 155 किमी नेशनल हाईवे अभी सिंगल लेन हैं। इन्हें जल्द फोर लेन में बदला जाएगा। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर के एनएच को चौड़ा कर ट्रैफिक दबाव कम करने की योजना है।
ब्लैक स्पॉट और खतरनाक मोड़ों में सुधार
सड़क चौड़ीकरण के साथ ही ब्लैक स्पॉट खत्म करने और खतरनाक ढलानों व तीव्र मोड़ों को सुधारने की भी योजना है। इससे स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रियों को सुरक्षित व सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
11 हजार छात्रों को मुफ्त कोचिंग
सरकार ने मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना लागू कर दी है। इसके तहत 11 हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि जिलावार स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से मेधावी युवाओं का चयन होगा। इस योजना पर हर वर्ष 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
किन परीक्षाओं के लिए मिलेगी सुविधा
सिविल सर्विसेज: 2000 छात्र
एसएससी, रेलवे व समकक्ष: 5000 छात्र
बैंकिंग सर्विसेज: 2000 छात्र
कैट, मैट, गेट, नेट, सीएसआईआर व अन्य प्रवेश परीक्षाएं: 2000 छात्र
अंतिम वर्ष के छात्र और हाल ही में स्नातक/स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। योजना की निगरानी के लिए उच्च शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति और मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय स्टेयरिंग समिति गठित की गई है।
मियांवाला में आधुनिक पार्क का लोकार्पण
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मियांवाला में पुराने प्राकृतिक तालाब का कायाकल्प कर लगभग 3.30 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्क विकसित किया है। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने सोमवार को इसका लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद पूजा नेगी, एमडीडीए के प्रभारी अधीक्षण अभियंता अतुल गुप्ता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।



