Breakingउत्तराखंडकुमाऊँक्राइमगढ़वालदेहरादून
Trending

प्रमेन्द्र डोबाल के सख्त निर्देश, नरेश राठौर की ताबड़तोड़ कार्रवाई; पटेलनगर में 7 मकान मालिकों पर की कार्रवाई

Listen to this article

देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने के लिए दून पुलिस ने सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने बुधवार, 28 अक्टूबर को थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया, जबकि नियमों का पालन नहीं करने वाले 37 भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर के नेतृत्व में गठित पुलिस की अलग-अलग टीमों ने लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी, मेहूंवाला सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के साथ-साथ पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे तथा जमानत पर बाहर चल रहे व्यक्तियों का भी भौतिक सत्यापन किया।

सत्यापन में लापरवाही पर मकान मालिकों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 37 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन भवन स्वामियों पर कुल 3.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की भी जांच

पुलिस ने सत्यापन अभियान के दौरान पूर्व की आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, प्रकाश में आए तथा जमानत पर चल रहे छह अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया। पुलिस ने उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।

8 संदिग्धों से पूछताछ जारी

अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे आठ व्यक्तियों को पुलिस थाने लेकर आई। पुलिस के अनुसार, इन व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने, आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सत्यापन अभियान लगातार जारी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। दून पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।

Faizan Khan Faizy Editorial Advisor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!