
देहरादून | राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। कांवली रोड पर सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने एक राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से बजरी लेकर आ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ढलान होने के बावजूद वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े करीब 40 वर्षीय युवक को डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर सड़क किनारे टकराकर रुक गया, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सतेंद्र साहनी के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने की।
लोगों का गुस्सा फूटा, डेढ़ घंटे जाम
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। टायर और लकड़ियां जलाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए।
पुलिस मौके पर, चालक की तलाश जारी
हंगामे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पुष्टि की है कि डंपर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हुई है और चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है और आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



