
देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत अप्रैल माह की पेंशन ‘वन क्लिक’ के माध्यम से जारी की। शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 पेंशनर्स को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
जारी की गई राशि में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन शामिल हैं। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत के प्रति समर्पित है और आर्थिक-सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा नियमित रूप से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे भी ऐसे कैंप निरंतर आयोजित किए जाएं। साथ ही, प्रत्येक वर्ष 59 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले लोगों का सर्वे कर पात्र लाभार्थियों के आवेदन और आवश्यक औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए। पेंशन योजनाओं सहित विभाग की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की समस्त जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।



