उत्तराखंड में राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, ‘मेरा केवाईसी’ ऐप से घर बैठे करें सत्यापन

देहरादून। उत्तराखंड में सभी राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। उपभोक्ता अब ‘मेरा केवाईसी’ ऐप के माध्यम से घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। राशन वितरण में किसी प्रकार की रुकावट न आए, इसके लिए समय पर ई-केवाईसी कराना जरूरी होगा।
अधिकारी मनोज डोभाल ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश के तहत राज्य के सभी जिलों में राशन कार्ड धारकों और यूनिटों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराई जाएगी। प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ‘मेरा केवाईसी’ ऐप जारी किया गया है, जिसके जरिए उपभोक्ता स्वयं सत्यापन कर सकते हैं।
हर सदस्य की ई-केवाईसी जरूरी
राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी अनिवार्य है। इसके लिए संबंधित सदस्य का आधार नंबर होना आवश्यक है। साथ ही आधार से लिंक मोबाइल नंबर भी जरूरी होगा, क्योंकि सत्यापन के दौरान ओटीपी उसी नंबर पर भेजा जाएगा।
ऐप डाउनलोड कर ऐसे करें प्रक्रिया शुरू
उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर, ऐप स्टोर या आधिकारिक वेबसाइट से ‘मेरा केवाईसी’ ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके साथ ‘आधारफेसआरडी’ ऐप इंस्टॉल करना भी जरूरी होगा। लॉगिन करने के बाद ‘सलेक्ट स्टेट’ में उत्तराखंड का चयन करें।
फेस ऑथेंटिकेशन से होगा सत्यापन
इसके बाद ‘स्थान सत्यापन’ पर क्लिक कर 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी भरने के बाद फेस केवाईसी प्रक्रिया शुरू होगी। कैमरा ऑन होने पर चेहरे को फोन से समान दूरी पर रखते हुए आंखों की पलकें झपकानी होंगी। प्रक्रिया पूरी होने पर ई-केवाईसी सफल मानी जाएगी। बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी और अच्छी गुणवत्ता वाला कैमरा आवश्यक है।
जनसेवा केंद्र पर भी उपलब्ध सुविधा
जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया में दिक्कत हो रही है, वे राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी जनसेवा केंद्र या राशन की दुकान पर जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे समय रहते ई-केवाईसी पूरी कर लें, ताकि फ्री राशन वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।



