रुद्रप्रयाग में 251 साल बाद दो बहनों का मिलन, नौ शिलाओं के रूप में लौटी मां की ब्रह्मशक्ति

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड की समृद्ध देवपरंपरा और लोकआस्था की अनूठी मिसाल रुद्रप्रयाग में देखने को मिली। यहां 251 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद दो बहनों मां चंडिका भवानी पोखरी चमेठी और मां भणज चंडिका का दिव्य मिलन हुआ। इस ऐतिहासिक धार्मिक प्रसंग के साक्षी बने श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
मां चंडिका भवानी की दिवारा यात्रा के दौरान नौ शिलाओं के रूप में मां भणज चंडिका की ब्रह्मशक्ति पुनः भणज गांव पहुंची। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां चंडिका भवानी देवताल से अपनी बहन की ब्रह्मशक्ति नौ शिलाओं के रूप में लेकर भणज गांव पहुंचीं। इस यात्रा का मार्ग बेहद दुर्गम रहा। घने जंगलों, कठिन पहाड़ी रास्तों और कांटेदार झाड़ियों से होकर गुजरी दिवारा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
यात्रा का सबसे भावुक प्रसंग तब सामने आया, जब मां चंडिका भवानी ने ग्रामवासियों से अपनी बहन मां भणज चंडिका की बनियाथ करने का वचन लिया। वहीं, परंपरा के अनुसार मां का रात्रि विश्राम अखोड़ी में निर्धारित था, लेकिन मान्यता के मुताबिक मां चंडिका भवानी ने अपनी बहन मां भणज चंडिका के मंदिर के गर्भगृह में ही रात्रि विश्राम किया। श्रद्धालुओं ने इसे दोनों बहनों के अटूट स्नेह और आत्मीयता का प्रतीक माना।
इस अवसर पर ब्रह्मा गुरु दीपक कुंवर और प्रहलाद रावत ने बताया कि 251 वर्षों बाद संपन्न हुआ यह धार्मिक मिलन क्षेत्र की प्राचीन देवपरंपरा और लोकविश्वास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। नौ शिलाओं के रूप में ब्रह्मशक्ति का गांव लौटना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का विषय है।
इस ऐतिहासिक दिवारा यात्रा ने उत्तराखंड की देवपरंपरा, सामाजिक एकता और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत को फिर से जीवंत कर दिया। दो बहनों का यह दिव्य मिलन लंबे समय तक क्षेत्रवासियों की स्मृतियों में यादगार बना रहेगा।



