सीएम धामी के जाते ही भड़के विधायक हरीश धामी, मंच पर किया हंगामा

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद धारचूला विधायक हरीश धामी ने मंच पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि मंच से बोलने का मौका नहीं मिलने और माइक बंद किए जाने से नाराज विधायक ने साउंड सिस्टम के पास पहुंचकर तोड़फोड़ की। इस दौरान उनके समर्थकों ने भी हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम पर विधायक हरीश धामी ने कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी वीडियो के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धारचूला और मुनस्यारी के लोगों ने हमेशा अतिथि को भगवान के समान माना है। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री का विरोध करने की योजना थी। इसके पीछे अंकिता भंडारी प्रकरण, कनार सड़क और धारचूला-मुनस्यारी क्षेत्र की समस्याएं वजह थीं। हालांकि, उन्होंने तय किया कि मेले की परंपरा का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री का विरोध नहीं करेंगे और मंच से क्षेत्र की समस्याएं उनके सामने रखेंगे।
विधायक ने आरोप लगाया कि केंद्रीय राज्य मंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखने का इंतजार किया, लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के दौरान जब उन्होंने माइक लेकर बोलना शुरू किया तो सरकार और मुख्यमंत्री के दबाव में माइक बंद कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्षेत्र का विधायक होने के नाते क्या उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार नहीं है।
हरीश धामी ने कहा कि क्षेत्र की अनदेखी से आहत होकर उनसे गुस्से में कुछ गलतियां हुई होंगी, जिसके लिए वह जनता से माफी मांगते हैं। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव धारचूला से लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी अनुमति देती है तो वह मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
माइक बंद होने के बाद विधायक गुस्से में साउंड सिस्टम संचालकों के पास पहुंच गए। इस दौरान कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की भी हुई। घटना के बाद मेले में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।



