
देहरादून। दून के पॉश इलाके किशन नगर एक्सटेंशन में कई महीनों से एक स्कूल परिसर के पीछे चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। क्षेत्रवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन युवतियों को मौके से मुक्त कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के पीछे स्थित कमरों को किराये पर लेकर अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। स्थानीय लोगों को परिसर में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर हंगामा शुरू हो गया। मौके पर पहुंचीं भाजपा पार्षद नंदिनी शर्मा ने प्ले ग्रुप स्कूल परिसर में जिस्मफरोशी का कारोबार चलने के आरोप लगाए और जांच की मांग की।
घटना की जानकारी फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। इस दौरान नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन भी हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए स्कूल परिसर के पीछे स्थित कमरों की तलाशी ली। जांच के दौरान कमरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई और तीन युवतियां मौके पर मिलीं, जो पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।
पुलिस ने कमरे किराये पर लेने वाले राजस्थान निवासी आशीष पांडेय और जंग बहादुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने अनैतिक गतिविधियां संचालित करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मौके से संबंधित सामग्री जब्त कर ली है।
सूत्रों के अनुसार, मुक्त कराई गई युवतियों में से एक के एचआईवी पॉजिटिव होने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी पुष्टि के लिए चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।



