Breakingउत्तराखंडकुमाऊँक्राइमगढ़वालदेश-विदेशदेहरादून
Trending

पहले ही दिन फॉर्म में दिखे डीएम आशीष चौहान, जनता दरबार में तुरंत फैसलों से जीता भरोसा

Listen to this article

देहरादून के नवनियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक कार्यशैली का संकेत दे दिया। सोमवार को क्लेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में उन्होंने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनता को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जल्द ही ऑनलाइन शिकायत ट्रैकिंग एवं समाधान तंत्र विकसित किया जाएगा। उन्होंने शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 115 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद से जुड़े रहे। इसके अलावा ऋण माफी, बाढ़ सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता, पुलिया निर्माण और रास्तों से संबंधित समस्याएं भी प्रमुख रहीं।

रानीपोखरी ग्रांट क्षेत्र के आठ परिवारों ने मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे को देखते हुए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। इस पर डीएम ने एसडीएम डोईवाला को सिंचाई विभाग के साथ संयुक्त सर्वेक्षण कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

तुनवाला निवासी मंजू बिष्ट ने शिकायत की कि कुछ लोगों ने उनकी निजी भूमि पर बुलडोजर चलाकर सीमांकन और तारबाड़ क्षतिग्रस्त कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसडीएम सदर को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। वहीं विकासनगर तहसील में वर्ष 2008 से लंबित भूमि विवाद के मामले में भी तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए।

चकराता ब्लॉक के ग्राम झिटाड़ में क्षतिग्रस्त पुलिया और कठंग नहर मरम्मत के प्रकरण पर जिला विकास अधिकारी को जांच कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सहसपुर निवासी मोहन कश्यप ने आर्थिक संकट का हवाला देते हुए मकान नीलामी रोकने और ऋण माफी की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि पारिवारिक परिस्थितियों और कारोबार में नुकसान के चलते उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। मामले में डीएम ने लीड बैंक अधिकारी को जांच के निर्देश दिए।

इसके अलावा डालनवाला निवासी सपना ने नर्सिंग शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता मांगी, जबकि टीएचडीसी कॉलोनी निवासी अर्ष ने बीएससी नर्सिंग प्रवेश के लिए ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग रखी।

जर्जर मकान में रह रहे बुजुर्ग प्रेम सिंह की समस्या पर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई और नगर निगम को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं रामपुर कलां में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच कर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए।

जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Faizan Khan Faizy Editorial Advisor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!