उत्तराखंड

टिहरी में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित, बिलौंदी पुल बाजार में दुकानों में घुसा पानी; मंत्री-विधायक घंटों फंसे

Listen to this article

टिहरी: शुक्रवार दोपहर बाद मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जौनपुर ब्लॉक में नुकसान की तस्वीर छोड़ दी। धनोल्टी तहसील क्षेत्र के नौघर गांव में हुई तेज बारिश का पानी बिलौंदी पुल बाजार तक पहुंच गया और दुकानों में घुस गया। इससे स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ।

दुकान में घुसा बरसाती पानी, सामान खराब

जानकारी के अनुसार, बिलौंदी पुल बाजार में कुलवीर सिंह नकचवाल की दुकान और कमरों में बरसाती पानी मलबे के साथ घुस गया। घर और दुकान में रखा सामान खराब हो गया। क्षेत्र में तीन से चार बजे के बीच तेज बारिश हुई, जिसके बाद पानी तेजी से बाजार की ओर बहा।

राजस्व उप निरीक्षक अब्बुज चौधरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बरसाती पानी के साथ आया मलबा बिलौंदी के पास करीब 10 दुकानों में भी घुस गया, जिससे नुकसान हुआ है।

स्टेट हाईवे रहा बाधित

तेज बारिश के कारण नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे पर भी पानी और मलबा जमा हो गया। सड़क पर मलबा भरने से मार्ग काफी देर तक अवरुद्ध रहा। बाद में जेसीबी मशीन लगाकर मलबा हटाया गया और यातायात सुचारू कराया गया।

मंत्री और विधायक भी फंसे

बिलौंदी पुल पर सड़क पर मलबा भरने के कारण वहां से गुजर रहे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार भी घंटों जाम में फंसे रहे। बताया गया कि मंत्री चौधरी उत्तरकाशी दौरे से देहरादून लौट रहे थे, तभी यह स्थिति बनी।

अगलाड़ नदी का जलस्तर बढ़ा

दोपहर में हुई अचानक तेज बारिश से जौनपुर क्षेत्र में बहने वाली अगलाड़ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

स्थानीय प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!