धीरेंद्र शास्त्री बदरीनाथ में विशेष साधना पर, 26 मई से कथा का आयोजन

बदरीनाथ (उत्तराखंड): बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों बदरीनाथ धाम में नीलकंठ पर्वत की तलहटी में स्थित ध्यान गुफा में विशेष साधना कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार वे 25 मई तक गुफा में ध्यानरत रहेंगे, जिसके बाद 26 मई से बदरीनाथ धाम में कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
9 मई से ध्यान गुफा में साधना
धीरेंद्र शास्त्री 6 मई को बदरीनाथ पहुंचे थे। 9 मई को बदरीनाथ मंदिर में दर्शन के उपरांत उन्होंने नगर पंचायत की ध्यान गुफा में साधना आरंभ की। बताया जा रहा है कि 9 से 25 मई तक साधना के लिए उन्होंने विधिवत अनुमति ली है। नगर पंचायत के ईओ सुनील पुरोहित के अनुसार, साधना के लिए अनुमति आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई।
विशेष साधना का संकल्प
चारधाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री 25 मई तक ध्यान में लीन रहेंगे और 26 मई से कथा कार्यक्रम प्रारंभ करेंगे। वे पिछले तीन वर्षों से लगातार बदरीनाथ धाम की यात्रा कर रहे हैं। इस बार उन्होंने विशेष साधना का संकल्प लिया है।
कथा को लेकर तैयारियां शुरू
धीरेंद्र शास्त्री बदरीनाथ में खाकचौक के महंत बालकदास के शिष्य भी बताए जाते हैं। कथा आयोजन को लेकर धाम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजकों के मुताबिक कथा में प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के शामिल होने की भी संभावना है।
कथा और साधना कार्यक्रम के चलते बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद है। प्रशासन भी संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी में जुटा है।



