उत्तराखंड

मसूरी-देहरादून रोड पर बड़ा हादसा, खाई में गिरा टैंकर; चालक ने तोड़ा दम

Listen to this article

मसूरी: मसूरी-देहरादून मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। हादसा गज्जी बैंड के पास हुआ, जहां पानी से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे टैंकर संख्या यूए07-एल-4065 मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर जा रहा था। गज्जी बैंड के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

 

मृतक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। हादसे के समय टैंकर पूरी तरह पानी से भरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही टैंकर मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।

 

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के असली कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगह तीखे मोड़, संकरी सड़कें और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगाने, चेतावनी संकेत बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!