उत्तराखंड

बारिश बनी केदारनाथ यात्रियों की मुश्किल, हेलीकॉप्टर सेवाएं ठप, श्रद्धालु परेशान

Listen to this article

रुद्रप्रयाग: केदारघाटी में लगातार हो रही बारिश ने विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा को प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम के चलते जहां हेली सेवाएं लगातार बाधित हो रही हैं, वहीं केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है। बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच यात्रा करना यात्रियों के लिए चुनौती बन गया है।

 

लगातार खराब मौसम के कारण केदारनाथ के लिए संचालित हेलीकॉप्टर सेवाएं बार-बार रद्द करनी पड़ रही हैं। अब तक 5 हजार से अधिक हेली टिकट निरस्त हो चुके हैं। कई श्रद्धालु ऐसे भी हैं जो हेलीकॉप्टर सेवा पर निर्भर थे, लेकिन टिकट रद्द होने के बाद दर्शन किए बिना ही वापस लौटने को मजबूर हो गए हैं क्योंकि वे पैदल यात्रा करने में सक्षम नहीं हैं।

 

पैदल मार्ग पर बढ़ा खतरा

 

लगातार वर्षा के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर फिसलन बढ़ गई है। कई स्थानों पर पहाड़ियों से पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। भूस्खलन की आशंका के चलते यात्रियों को बेहद सावधानी के साथ यात्रा करनी पड़ रही है।

 

यात्रा मार्ग पर संचालित घोड़ा-खच्चर सेवाओं पर भी मौसम का असर पड़ा है। फिसलन के कारण कई स्थानों पर घोड़े फिसल रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में भय का माहौल है। कई यात्री सुरक्षा कारणों से घोड़े-खच्चरों का उपयोग करने से भी बच रहे हैं।

 

ठंड और बारिश से स्वास्थ्य पर असर

 

केदारनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश और तापमान में गिरावट के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। धाम में तापमान शून्य डिग्री के आसपास पहुंचने से हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ गया है।

 

बारिश में भीगने के कारण कई यात्री सर्दी, जुकाम और ठंड से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग श्रद्धालुओं और बच्चों को अधिक परेशानी हो रही है।

 

प्रशासन अलर्ट मोड पर

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एन.एस. रजवार ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रियों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

 

मौसम को देखते हुए यात्रा करें

 

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें और आवश्यक गर्म कपड़े एवं सुरक्षा सामग्री साथ रखें। खराब मौसम के बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार है, लेकिन सुरक्षित यात्रा के लिए सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!