उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार; सात जून तक येलो अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने प्रदेशभर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
हाल के दिनों में बढ़ते तापमान और उमस से परेशान लोगों के लिए यह मौसम परिवर्तन राहत भरा साबित हो सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में संभावित बर्फबारी का असर मैदानी जिलों के तापमान पर भी देखने को मिलेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में आगामी सात जून तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा के दौरान मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।



