टिहरी में हादसा: क्रैश बैरियर तोड़ गंगा में गिरी कार, यात्रियों की तलाश जारी

टिहरी: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में समा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इनोवा वाहन संख्या UK 08 TA 5433 ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकासा क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन चालक संतुलन खो बैठा और कार सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरने के बाद वाहन सीधे गंगा नदी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस और संबंधित क्षेत्र के राजस्व विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला इकाइयों से तीन अलग-अलग रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों द्वारा गंगा नदी में वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। नदी के तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
फिलहाल वाहन में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बचाव दल लगातार नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन कर रहे हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और राहगीरों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा सर्च ऑपरेशन जारी है।
L



