राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिया मिलने का न्योता, वीडियो कॉल पर हुई बातचीत

पौड़ी गढ़वाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Rahul Gandhi ने गुरुवार को अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की। दरअसल, राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के दौरान पौड़ी में अंकिता भंडारी के माता-पिता की उनसे मुलाकात प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका कार्यक्रम रद्द हो गया।
राहुल गांधी दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे थे। उनके अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और देहरादून में कई कार्यक्रम निर्धारित थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनका विमान आगे नहीं बढ़ सका और उन्हें पंतनगर से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इसके चलते पौड़ी के कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम भी नहीं हो सका, जहां उन्हें सुनने और देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की और कहा कि खराब मौसम के कारण वह उत्तराखंड की जनता के बीच नहीं पहुंच सके। उन्होंने जल्द ही दोबारा राज्य का दौरा करने का भरोसा भी दिया।
इसी बीच कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल की पहल पर राहुल गांधी की अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल पर बातचीत कराई गई। बातचीत के दौरान अंकिता के माता-पिता ने राहुल गांधी से व्यक्तिगत रूप से मिलने की इच्छा जताई।
इस पर राहुल गांधी ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि वे जब चाहें उनसे मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गणेश गोदियाल के माध्यम से समय तय कर मुलाकात की जा सकती है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं और अंकिता के माता-पिता अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी उनसे मिलने आ सकते हैं।
राहुल गांधी ने वर्चुअल संबोधन के दौरान उत्तराखंड की जनता से भी संवाद किया और देश व राज्य के विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना को लेकर भी सवाल उठाए।



