हरिद्वार कुंभ की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, मानसून से पहले पूरे होंगे अहम प्रोजेक्ट

हरिद्वार: गढ़वाल मंडल आयुक्त का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार हरिद्वार पहुंचे कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। सीसीआर भवन में आयोजित बैठक में हरिद्वार, देहरादून, टिहरी और पौड़ी के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कमिश्नर ने कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले निर्धारित समयसीमा वाले सभी कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में दिव्य और भव्य कुंभ के आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
फायर सेफ्टी ऑडिट पर भी रहेगा विशेष फोकस
दिल्ली में हाल ही में हुए अग्निकांड के मद्देनजर कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि कुंभ मेले से पहले हरिद्वार के होटल, अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और अन्य सार्वजनिक भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ऑनलाइन जुड़ीं मेलाधिकारी सोनिका
कुंभ मेले से जुड़ी इस महत्वपूर्ण बैठक में मेलाधिकारी सोनिका व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकीं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। उनकी ओर से अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्क्रीन प्रेजेंटेशन के जरिए निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
पुल, घाट और अन्य परियोजनाओं पर विशेष निगरानी
गढ़वाल कमिश्नर ने बताया कि कुंभ मेले के लिए बनाए जा रहे पुलों, गंगा घाटों और अन्य स्थायी निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बारिश के बाद रंगाई-पुताई और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किए जाएंगे। वहीं अस्थायी निर्माण कार्य भी निर्धारित समय पर पूरे किए जाएंगे।
ज्वालापुर और मोतीचूर रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प
बैठक में रेलवे अधिकारियों ने भी भाग लिया। कुंभ मेले के बजट के तहत ज्वालापुर और मोतीचूर रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दोनों स्टेशनों पर आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कमिश्नर आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेले की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समय पर पूरे किए जाएंगे।



