IMA पासिंग आउट परेड की तैयारियां तेज, शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू, जानिए पूरा प्लान

देहरादून: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आगामी 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड (POP) की तैयारियां जोरों पर हैं। परेड से पहले होने वाले रिहर्सल और अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए देहरादून पुलिस ने आईएमए के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। साथ ही सुरक्षा कारणों से आईएमए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार 9 जून को सुबह 5 बजे से 10 बजे तक तथा 11 जून को सुबह 5 बजे से 11:30 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
ये रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान
बल्लूपुर से प्रेमनगर की ओर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहे से मिठी बेरी मार्ग होते हुए प्रेमनगर भेजा जाएगा।
प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को प्रेमनगर चौक से दरू चौक, मिठी बेरी और शिमला बाईपास होते हुए निरंजनपुर मंडी मार्ग से शहर की ओर भेजा जाएगा।
विशेष परिस्थितियों में प्रेमनगर से आने वाले वाहनों को एमटी सेक्शन गेट से आईएमए परिसर के अंदर से रांघड़वाला की ओर निकाला जाएगा।
सेलाकुई और भाऊवाला से आने वाले सभी भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग से शहर की ओर भेजा जाएगा।
देहरादून से विकासनगर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से डायवर्ट कर धर्मावाला मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
आम जनता से सहयोग की अपील
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। इससे जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और पासिंग आउट परेड की तैयारियां सुचारु रूप से संपन्न हो सकेंगी।
आईएमए की पासिंग आउट परेड भारतीय सेना के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जाता है, जिसमें देश-विदेश के कैडेट सैन्य अधिकारी के रूप में पास आउट होते हैं। ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।



