अंकिता केस के वीआईपी खुलासे पर बड़ा अपडेट, उर्मिला और सुरेश राठौर का होगा नार्को टेस्ट

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी खुलासे के मामले में उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। शुक्रवार को उर्मिला सनावर देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं। सुनवाई के दौरान दोनों के टेस्ट को लेकर निर्णय लिया गया। हालांकि, टेस्ट किस तारीख को होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है।
देहरादून पहुंचने के बाद उर्मिला सनावर सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं। सुनवाई के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में खुद को भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बताया और कहा कि उन्हें न्याय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वह अंकिता को न्याय दिलाने के लिए नार्को टेस्ट समेत हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं।
पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग
उर्मिला सनावर ने हरिद्वार की रानीपुर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जेल में बंद आरोपी पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नार्को टेस्ट नहीं कराने के लिए उन्हें 25 लाख रुपये और गाड़ी देने का ऑफर किया गया था।
उर्मिला सनावर अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान उजागर करने की मांग कर रही हैं। वह पहले भी मीडिया के सामने नार्को टेस्ट कराने की बात कह चुकी हैं। उन्होंने सीबीआई पर भरोसा नहीं होने की बात कहते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
23 अक्टूबर को दी थी टेस्ट की सहमति
इससे पहले उर्मिला सनावर 23 अक्टूबर को सीबीआई कोर्ट में पेश हुई थीं, जहां उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए सहमति दी थी। इसके बाद उन्हें 26 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेश होना था, लेकिन पेशी से पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
यह गिरफ्तारी ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के आधार पर हुई थी। शिकायत में उर्मिला सनावर पर सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेजा गया था। अब कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद उनके और सुरेश राठौर के नार्को व पॉलीग्राफ टेस्ट का रास्ता साफ हुआ है।



