
डोईवाला/देहरादून
एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत डोईवाला पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 को मिल रोड स्थित शिव मंदिर से अज्ञात चोरों द्वारा पंचमुखी दीपक, प्रधान दीपक, कलश, जलेरी, नाग, आचमनी गिलास, घंटी तथा विष्णु-लक्ष्मी की अष्टधातु मूर्ति चोरी कर ली गई थी। मामले में मंदिर से जुड़े गुरुप्रसाद ममगाई की शिकायत पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सुरागरसी और पतारसी की कार्रवाई की। इसी क्रम में 11 जून को सौंग नदी पुराने पुल के पास से आरोपी छोटू उर्फ ढापली (20 वर्ष) निवासी चाँदमारी, डोईवाला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए उसने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
बरामद सामान में पंचमुखी दीपक, प्रधान दीपक, कलश, जलेरी, तांबे का नाग, आचमनी गिलास, पीतल की घंटी तथा विष्णु-लक्ष्मी की अष्टधातु मूर्ति शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रघुवीर कपरवाण, हेड कांस्टेबल सुधीर सैनी तथा कांस्टेबल वीर सिंह शामिल रहे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है तथा मंदिर समिति ने पुलिस टीम की सराहना की है।



