
उत्तराखण्ड पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाते हुए पासपोर्ट सत्यापन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सत्यापन के लिए भारत सरकार ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया है।
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय विदेश मंत्री S. Jaishankar ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह उपलब्धि उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जनपदों में सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा की गई, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया गया तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने उत्तराखण्ड police को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनसेवा के प्रति राज्य सरकार और पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता का प्रमाण है तथा भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य कर राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी।
यह सम्मान न केवल उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यक्षमता का प्रमाण है, बल्कि नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना है।



