27 जून तक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश के आसार, हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में मौसम रहेगा शुष्क
उत्तराखंड मौसम : उत्तराखंड में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 22 जून से 27 जून तक का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में इस अवधि के दौरान मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि टिहरी, पौड़ी, देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम साफ रहेगा।
23 जून को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। अन्य पर्वतीय जिलों में बादलों की गर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
24 जून से 27 जून तक राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में इन दिनों भी बारिश के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। विशेष रूप से संवेदनशील मार्गों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने को कहा गया है।



