5 हजार रुपये के शक में दोस्त बना कातिल, रुद्रपुर पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में मामला हत्या का निकला है। पुलिस ने मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया है, जिसने महज 5 हजार रुपये चोरी करने के शक में अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।
ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि 31 जुलाई को शिवनगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार पुत्र मुशाराम चंद के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। जांच में पता चला कि घटना से पहले अनिल अपने तीन साथियों के साथ आजादनगर ट्रांजिट कैंप में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद दो साथी वहां से चले गए और अनिल अपने करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।
पुलिस के मुताबिक, सुनील अनिल को बहाने से शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने फिर शराब पी। इसी दौरान सुनील ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसने रस्सी से गला दबाकर अनिल की हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी किए हैं। इसी शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



