उत्तराखंड

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा, खाई में गिरा वाहन; चौकी प्रभारी की मौत

Listen to this article

ऋषिकेश: टिहरी जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा सोमवार रात अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह नाइट ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन चलाते समय उन्हें नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

 

बचाव दल ने खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और गंभीर रूप से घायल विनोद शर्मा को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मुनि की रेती थाना के उपनिरीक्षक योगेश पाण्डेय ने बताया कि चौकी प्रभारी विनोद शर्मा नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने निजी वाहन से लौट रहे थे। रास्ते में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

 

विनोद शर्मा अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन को पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!