भारत आ सकते हैं नेपाल के PM बालेन शाह, सतपाल महाराज ने दी दौरे की जानकारी; सीमा विवाद पर होगी चर्चा

देहरादून। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह (बालेंद्र) का आगामी 22 नवंबर को भारत दौरा प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर उत्तराखंड में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के मुताबिक, इस दौरान भारत और नेपाल के बीच पंचेश्वर बहुउद्देशीय बांध परियोजना, सीमा से जुड़े मुद्दों और महेंद्रनगर में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट को लेकर चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच पर्यटन और धार्मिक स्थलों के संपर्क को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ पर्यटन मंत्री भी भारत आ रहे हैं। ऐसे में उत्तराखंड और नेपाल के बीच पर्यटन की संभावनाओं पर बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी संवाद से सहयोग और सद्भावना को बढ़ावा मिलेगा।
पंचेश्वर बांध परियोजना पर होगी चर्चा
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से प्रस्तावित पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना भी इस दौरे के एजेंडे में शामिल हो सकती है। यह परियोजना जल संसाधन, बिजली उत्पादन, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। हालांकि, लागत, जल संसाधनों और दोनों देशों के बीच लाभ के बंटवारे से जुड़े मुद्दों के कारण परियोजना की प्रगति प्रभावित रही है।
सतपाल महाराज ने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ पंचेश्वर बांध को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा से जुड़ी समस्याओं और महेंद्रनगर में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट के मुद्दे पर भी बातचीत होगी।
पूर्णागिरि और सिद्धबाबा धाम को जोड़ने की पहल
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार नेपाल के साथ मिलकर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने पूर्णागिरि माता मंदिर और नेपाल स्थित सिद्धबाबा मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता के अनुसार सिद्धबाबा के दर्शन के बिना मां पूर्णागिरि की यात्रा अधूरी मानी जाती है। पूर्णागिरि क्षेत्र में एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण भी हो रहा है। ऐसे में दोनों देशों के धार्मिक स्थलों को जोड़कर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
कॉर्बेट और चितवन पार्क के बीच सहयोग पर जोर
सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और नेपाल के चितवन नेशनल पार्क के बीच भी बेहतर संबंध विकसित करने की बात कही। उनका कहना है कि दोनों देशों के इन पर्यटन स्थलों के बीच सहयोग बढ़ने से वन्यजीव पर्यटन को प्रोत्साहन मिल सकता है और दोनों देशों को इसका लाभ होगा।
मंत्री ने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री का भारत दौरा दोनों देशों के बीच बातचीत, आपसी सहयोग और सद्भावना को मजबूत करने का अवसर होगा।



