उत्तराखंड

लैंसडाउन में गुलदार का हमला: घास काटने गई महिला को जंगल में घसीटकर मार डाला, गांव में दहशत

Listen to this article

लैंसडाउन: पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड अंतर्गत बणासी तल्ली गांव में शनिवार सुबह गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है।

 

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव की शांति देवी और सुशीला देवी घास काटने के लिए गांव के ऊपरी जंगल क्षेत्र में गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और गुलदार उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।

 

घटना के समय साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर सुशीला देवी का शव बरामद हुआ।

 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी मामले की जानकारी दी गई है। घटना के बाद बणासी तल्ली समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल है।

 

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को तत्काल पकड़ने, नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के हमलों से जंगल और खेतों में जाना खतरनाक हो गया है।

 

वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गश्त करेगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित शूटर भी मौके पर तैनात कर दिया गया है।

 

एसडीओ ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं और गुलदार दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!