चमोली में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत; चालक गिरफ्तार

चमोली: जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी, पुत्र कलम सिंह, निवासी लॉ कॉलेज के निकट, गोपेश्वर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था। जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था। बताया जा रहा है कि पटियालधार पुलिस चौकी पर पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर ट्रक ने मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि यदि ट्रक को पहले ही रोक लिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



