उत्तराखंड

लाउडस्पीकरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिना अनुमति और तय सीमा से अधिक ध्वनि वाले लाउडस्पीकरों को जताया

Listen to this article

रुद्रपुर: सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में बिना अनुमति संचालित होने वाले तथा निर्धारित डेसिबल सीमा और समयावधि का उल्लंघन करने वाले लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

 

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। जहां भी सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और शासन के नियमों का उल्लंघन पाया गया, वहां मौके पर ही लाउडस्पीकर हटवाए गए। इसके अलावा संबंधित मामलों में पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई।

 

पुलिस के अनुसार कोतवाली जसपुर क्षेत्र में दो मस्जिदों, काशीपुर में एक मस्जिद, आईटीआई थाना क्षेत्र में दो मस्जिदों, केलाखेड़ा में दो मस्जिदों, किच्छा में दो मस्जिदों, नानकमत्ता में एक मस्जिद तथा खटीमा में चार मस्जिदों से कुल सात लाउडस्पीकर हटाए गए। वहीं किच्छा में दो और खटीमा में चार व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान किए गए।

 

एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि बिना अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकर, निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरण तथा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित समय में संचालित होने वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

 

पुलिस ने अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम नागरिकों को अनावश्यक शोर से राहत मिल सके।

 

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कानून व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में भी बिना अनुमति लाउडस्पीकर लगाने, निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने या प्रतिबंधित समय में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

पुलिस ने सभी नागरिकों और संस्थाओं से ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!