उत्तराखंड

उत्तराखंड में राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी वार, अमित मालवीय ने खोला भर्ती घोटालों का ‘पुराना रिकॉर्ड’

Listen to this article

देहरादून: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश में पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड में पेपर लीक के मुद्दे को उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इसके जवाब में भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने लंबा बयान जारी कर कांग्रेस सरकारों पर भर्ती घोटालों की नींव रखने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देवभूमि उत्तराखंड को पेपर लीक का “एपिसेंटर” बना दिया है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

इस पर पलटवार करते हुए अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी को उत्तराखंड की जनता और युवाओं के सामने पूरा सच भी रखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भर्ती घोटालों की शुरुआत कांग्रेस शासनकाल में हुई थी। मालवीय ने एन.डी. तिवारी सरकार के दौरान दरोगा और पटवारी भर्ती में कथित अनियमितताओं तथा हरीश रावत सरकार के समय वीपीडीओ भर्ती, सिडकुल भर्ती, यूबीटीईआर और आयुर्वेद विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े विवादों का उल्लेख किया।

अमित मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में जब UKSSSC भर्ती घोटाले का मामला सामने आया तो सरकार ने उसे दबाने के बजाय सख्त कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि राज्य में नकल विरोधी कानून लागू किया गया, 100 से अधिक कथित नकल माफियाओं को गिरफ्तार किया गया और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया गया। उनके अनुसार, पिछले चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मालवीय ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस शासनकाल में घोटालों पर कार्रवाई नहीं होती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने कानून बनाकर व्यवस्था में सुधार किया है। उन्होंने राहुल गांधी से युवाओं के भविष्य पर राजनीति करने के बजाय तथ्यों के साथ बात करने की अपील की।

हालांकि, अपने बयान में अमित मालवीय ने कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के कार्यकाल का उल्लेख नहीं किया। गौरतलब है कि विजय बहुगुणा वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में हैं।

इस बीच राहुल गांधी शुक्रवार शाम देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान रोजगार, शिक्षा, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा सकते हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!