अंकिता को न्याय से लेकर जमीन लूट तक, कांग्रेस का बड़ा ऐलान – 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा का घेराव करेगी

देहरादून। उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, कथित VIP की भूमिका, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और भूमि सौदों के मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है।
देहरादून के एक निजी होटल में आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सरकार पर जमकर हमला बोला।
अंकिता केस में VIP कौन? सरकार दे जवाब – कुमारी शैलजा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे बड़ा मुद्दा अंकिता भंडारी हत्याकांड रहा। कुमारी शैलजा ने कहा, “यह केवल एक बेटी को न्याय दिलाने का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, महिलाओं की सुरक्षा और सत्ता की जवाबदेही का सवाल है। परिवार द्वारा उठाए जा रहे VIP की भूमिका से जुड़े सवालों का जवाब आज तक नहीं मिला।”
उन्होंने भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाए और कहा कि इस नियुक्ति ने उत्तराखंड की जनता की भावनाओं को आहत किया है। सिक्किम में भी इस नियुक्ति का विरोध हो रहा है। भाजपा प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने इंडिया गेट पर अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
भ्रष्टाचार, खनन माफिया और बेरोजगारी पर घेरा
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि –
– सड़कों के निर्माण और सरकारी ठेकों में बड़ा भ्रष्टाचार
– भूमि संबंधी बड़े सौदों में प्रभावशाली लोगों को लाभ
– खनन माफिया को संरक्षण
– भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और पलायन
शैलजा ने कहा, “उत्तराखंड की जमीन और संसाधन जनता की संपत्ति हैं, इन्हें चुनिंदा लोगों को नहीं लुटाया जा सकता।”
बद्रीनाथ चढ़ावा और रेखा आर्य विभाग पर भी सवाल
कांग्रेस ने बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता की निष्पक्ष जांच और हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।
साथ ही कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के महिला एवं बाल विकास विभाग में उनके पति द्वारा लगाए गए आरोपों – राशन वितरण, मध्याह्न भोजन, राष्ट्रीय खेलों के खर्चों में कथित गड़बड़ी की जांच की मांग की गई।
शैलजा ने सवाल किया – “क्या सरकार इतनी निकम्मी है कि उसे शिकायतों की जानकारी नहीं थी, या कार्रवाई जानबूझकर टाली गई?
कांग्रेस का आंदोलन का पूरा कैलेंडर
कांग्रेस ने अगले 20 दिनों के लिए 4 बड़े कार्यक्रमों का ऐलान किया है:
22 से 25 अक्टूबर – न्याय यात्रा
प्रदेशभर में विधानसभा क्षेत्रों में जनसंवाद और न्याय यात्रा
27 अक्टूबर – गैरसैंण विधानसभा घेराव
विधानसभा सत्र के दौरान अंकिता प्रकरण, VIP भूमिका, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर बड़ा घेराव
1 नवंबर – दिल्ली में विशाल रैली
SIR और मतदाता अधिकारों के मुद्दे पर
4 नवंबर – जमीन बचाओ प्रदर्शन
औने-पौने दामों पर बेची गई जमीनों पर जिला मुख्यालयों पर धरना
कुमारी शैलजा ने कहा, “कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी भ्रष्टाचार मामलों की निष्पक्ष जांच और महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता होगी।”
इस मौके पर उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, CWC सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, सह-प्रभारी मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, राजेंद्र भंडारी, सुलेमान अंसारी, जसविंदर सिंह गोगी, ज्योति रौतेला, सुजाता पॉल, पंखुड़ी पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



