काशीपुर सड़क हादसा: टैंकर की चपेट में आए तीन छात्र, एक की मौत से मचा कोहराम

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। आईटीआई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने टैंकर और उसके चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शिवम कुमार (15) के रूप में हुई है, जो राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। हादसे में घायल वासु और अक्षय को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, वासु उस दिन स्कूल से अवकाश पर था और अपने चचेरे-तहेरे भाई अक्षय तथा मित्र शिवम को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आए टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
काशीपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतक शिवम अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।



