दो गुटों के विवाद के बाद सड़क पर मची भगदड़, 20 लोगों पर कसा शिकंजा, पुलिस ने की कार्रवाई

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पीलीकोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच विवाद के बाद हुई भगदड़ की घटना पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मुखानी थाना क्षेत्र में 6/7 अगस्त की देर रात हुई घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 20 लोगों को चिन्हित किया। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, पीलीकोठी चौराहे के पास देर रात दो गुटों के बीच विवाद के बाद अचानक सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने मामले में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर 20 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, सभी 20 लोगों के खिलाफ थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान करते हुए कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
सीसीटीवी में मारपीट की पुष्टि नहीं
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में 20 लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई है और अग्रिम जांच जारी है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अभी कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। हालांकि जांच के दौरान यदि मारपीट या किसी अन्य दंडनीय कृत्य के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



