उत्तराखंड में फिर तेज होगी बारिश, आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना; जानें मौसम का पूरा अपडेट
मौसम जानकारी । उत्तराखंड में शनिवार को बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में शुक्रवार रात से शनिवार तक बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. राजेंद्र कुमार के मुताबिक शनिवार को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
देहरादून में बारिश से कई इलाकों में जलभराव
शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद देहरादून के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। नगर निगम क्षेत्र के शुकुरपुर, अस्पताल रोड, धर्मपुर, डील रोड, प्रिंस चौक और डालनवाला समेत कई स्थानों पर सड़कें और आबादी वाले क्षेत्र पानी से भर गए। जलभराव के कारण लोगों को कार और स्कूटर से आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और जलभराव की समस्या दूर करने में जुट गईं। नगर आयुक्त लोकेश कुमार पांडेय ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई करने और जलभराव की समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
आपदा कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की कमी पर सवाल
बारिश के बीच नगर निगम के आपदा कंट्रोल रूम में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने का मामला भी सामने आया है। बताया गया कि सूचना देने के बावजूद दोपहर बाद करीब चार बजे तक फोन पर शिकायत सुनने के लिए कर्मचारी उपलब्ध नहीं थे।
देर शाम रामकृष्ण झील क्षेत्र में जलभराव की शिकायत भी सामने आई। नगर निगम की ओर से शिकायत दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर जारी किया गया है, लेकिन बारिश के दौरान एक कर्मचारी के लिए फोन पर शिकायत सुनने के साथ उसे रजिस्टर में दर्ज करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
नगर निगम प्रशासन की ओर से पूर्व में बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में आपात स्थिति को देखते हुए पर्याप्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में शनिवार को भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच जलभराव वाले क्षेत्रों में निगम की तैयारियों और आपदा कंट्रोल रूम की सक्रियता पर विशेष नजर रहेगी।



