ऋषिकेश में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद नाबालिग से दुष्कर्म, होटल में नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप

ऋषिकेश: सोशल मीडिया साइट के जरिए आठवीं कक्षा की छात्रा से दोस्ती कर उसे झांसे में लेने और होटल में बुलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना बीते शनिवार शाम करीब छह से सात बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी के मुताबिक नाबालिग का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस एक मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी है।
पुलिस होटल के एंट्री रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और होटल संचालक से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ले रही है।



