हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, 185 बसों के चालान; 3 की फिटनेस निलंबित करने की संस्तुति

हरिद्वार: यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाली लक्जरी एवं स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर 185 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पर 16 वाहनों को सीज कर दिया गया। तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले तीन वाहनों की फिटनेस निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जिले में संचालित लक्जरी और स्लीपर बसों की व्यापक जांच की गई। अभियान के दौरान संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। एआरएम रोडवेज विशाल कुमार के साथ चलाए गए संयुक्त अभियान में टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर बसों को रोककर उनके संचालन, संरचना, यात्री क्षमता और जरूरी दस्तावेजों की जांच की।
चेकिंग के दौरान कई बसों में परिवहन नियमों का उल्लंघन पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक कुछ वाहनों की संरचना में अनधिकृत बदलाव किए गए थे। इसके अलावा निर्धारित बस बॉडी कोड का उल्लंघन, क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं। अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मुकेश भारती, भारत भूषण और हरीश सती समेत अन्य अधिकारियों ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया। अलग-अलग टीमों ने विभिन्न स्थानों पर लक्जरी एवं स्लीपर बसों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की।
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने बस संचालकों को निर्देश दिए कि वाहनों का संचालन स्वीकृत संरचना, निर्धारित यात्री क्षमता और बस बॉडी कोड के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने, वाहनों में अनधिकृत बदलाव करने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नेहा झा ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से लंबे समय से लक्जरी बसों की चेकिंग की जा रही है। 30 जून को अनियमितता मिलने पर 80 लक्जरी बसों और 7 जून को 45 लक्जरी बसों के चालान किए गए थे। इस बार विभिन्न अनियमितताओं के चलते 185 बसों के चालान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी औचक निरीक्षण और विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा।



