कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी में तैरते समय व्यक्ति बहा, NDRF-SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

कर्णप्रयाग: चमोली जिले के कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी में तैरने के दौरान एक व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। व्यक्ति के नदी में बहने की सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसकी तलाश शुरू कर दी। लापता व्यक्ति की पहचान पोखरी विकासखंड निवासी सतीश कुमार खाली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सतीश कुमार खाली कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में अलकनंदा नदी के बीच एक दुर्गम चट्टान पर खड़े दिखाई दिए। कुछ देर बाद वह चट्टान से नदी में उतरे और तैरते हुए आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल ने नदी में संभावित स्थानों पर सर्च अभियान शुरू किया।
परिजनों के अनुसार सतीश कुमार खाली मानसिक रूप से परेशान थे और अचानक घर से निकल गए थे। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस दुर्गम चट्टान पर वह दिखाई दिए, वहां सामान्य रास्ते से पहुंचना बेहद मुश्किल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वहां रस्सी के सहारे पहुंचना भी आसान नहीं है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि वह नदी में तैरकर उस चट्टान तक पहुंचे होंगे।
लोगों के अनुसार सतीश कुमार अच्छे तैराक थे। चट्टान पर पहुंचने के बाद वह कुछ समय तक वहां दिखाई देते रहे। इसके बाद उन्होंने अलकनंदा नदी में उतरकर तैरना शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह काफी दूरी तक नदी में तैरते हुए दिखाई दिए, लेकिन आगे नदी का बहाव तेज होने के कारण वह पानी में बह गए।
हालांकि, सतीश कुमार उस दुर्गम चट्टान तक आखिर किस तरह पहुंचे, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। उनकी तैराकी और चट्टान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए नदी के रास्ते वहां पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
कोतवाल विनोद थपलियाल ने बताया कि व्यक्ति के नदी में बहने की सूचना मिलते ही पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंची। लापता सतीश कुमार खाली की तलाश के लिए एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।



