देहरादून में युवती से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिसकर्मी लाइन हाजिर; बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम

देहरादून: राजधानी देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती ने एक पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लक्खीबाग चौकी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और सहारनपुर रोड पर जाम लगा दिया।
प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। घंटाघर से धर्मपुर चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में लोग फंसे रहे, जबकि कुछ मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारी सड़क की दूसरी तरफ भी बैठ गए, जिससे दोनों ओर यातायात बाधित हो गया।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवती ने पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन शिकायत के दो दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने लक्खीबाग चौकी पहुंचकर आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत की और उन्हें मामले की जांच का भरोसा दिया। कार्यकर्ता आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों की ओर से शाम पांच बजे तक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम खोल दिया गया।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि शाम तक आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो शाम छह बजे घंटाघर पर जाम लगाया जाएगा। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से सिपाही को लाइन हाजिर किए जाने के बाद फिलहाल प्रदर्शन समाप्त हो गया।
अब मामले में विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि एक प्रकरण सामने आया है, जिसमें महिला ने आरोप लगाया है कि एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया है। इसके बाद कुछ लोगों ने सड़क जाम किया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को आश्वासन दिया गया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई आरोपी पाया जाता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।



