मसूरी में युवतियों और महिलाओं के बीच जमकर मारपीट, जूते-चप्पल चले; दो हिरासत में

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में देर रात पिक्चर पैलेस चौक पर युवतियों और महिलाओं के दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा हो गया। किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जूते-चप्पल चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, विवाद दो परिवारों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों परिवारों की युवतियां आमने-सामने आ गईं। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विवाद में महिलाओं के भी शामिल होने की बात सामने आई है। सड़क पर ही एक-दूसरे पर जूते-चप्पल चलने लगे। हंगामा देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
घटनाक्रम की कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने मीडिया कर्मियों के साथ अभद्रता की। इसको लेकर मीडिया कर्मियों ने भी विरोध जताया। विवाद के दौरान काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
मसूरी के कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात हुए हंगामे की जांच की जा रही है। पुलिस दो महिलाओं को कोतवाली लेकर आई थी। उनसे पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
गौरतलब है कि मसूरी में इन दिनों शरदोत्सव के चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में शहर के प्रमुख चौराहे पर देर रात हुए हंगामे से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। हालांकि, विवाद में किस पक्ष की क्या भूमिका रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



