उत्तराखंड

हरिद्वार में आसमान से बरसे बड़े-बड़े ओले, गाड़ियों के शीशे टूटे; रामनगर में गिरा विशाल पेड़

Listen to this article

हरिद्वार/रामनगर। उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। हरिद्वार के रोशनाबाद और रावली क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से अफरा-तफरी मच गई। आसमान से बड़े-बड़े ओले गिरने के कारण लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। ओलावृष्टि की चपेट में आने से कई वाहनों के शीशे टूटने की सूचना है। वहीं, रामनगर में बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में एक स्कूटी और फल का ठेला आ गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

हरिद्वार में अचानक मौसम बदलने के बाद आसमान में बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान रोशनाबाद और रावली क्षेत्र में बड़े आकार के ओले गिरने लगे। सड़क पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ओलों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेते नजर आए।

तेज ओलावृष्टि से कई वाहनों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। बताया जा रहा है कि ओलों की मार से कुछ गाड़ियों के शीशे तक टूट गए। लोगों ने ओलावृष्टि के नजारे अपने मोबाइल कैमरों में कैद किए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट महसूस की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रामनगर में सड़क पर गिरा विशाल पेड़, स्कूटी और फल का ठेला दबा

उधर, रामनगर में बारिश के बीच कानिया चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक के पास एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ का भारी तना बैंक के बाहर खड़ी स्कूटी पर गिरा, जबकि पास में लगा फल का ठेला भी इसकी चपेट में आ गया।

गनीमत रही कि फल ठेला संचालक ने पेड़ को गिरते देख समय रहते वहां से हटकर अपनी जान बचा ली। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को सड़क से हटाया। इसके बाद यातायात सुचारु करने की कार्रवाई की गई।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!