ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, सूचना मिलते ही CM धामी ने बाजपुर की ओर मोड़ा हेलीकॉप्टर

बाजपुर/ऊधम सिंह नगर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की मुश्किलें बढ़ गईं। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का रुख किया। हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री ने अपने हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर मोड़ने के निर्देश दिए और प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री धामी बाजपुर पहुंचे और प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर फसलों को हुए नुकसान, उनकी समस्याओं और आर्थिक परेशानियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन करने से लेकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने तक की सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जाए।
धामी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो। पूरी प्रक्रिया संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बाजपुर में भीषण ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद अब किसानों को प्रशासन की सर्वेक्षण प्रक्रिया और राहत सहायता का इंतजार है। नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद ही प्रभावित किसानों को मिलने वाली सहायता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



