देवप्रयाग में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी वैगनआर, दो की गई जान

श्रीनगर: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देवप्रयाग के पास ग्राम पाली में रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के नजदीक एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की वैगनआर कार चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग की ओर जा रही थी। देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की तरफ ग्राम पाली के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने खाई में गिरे तीन घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी बागी, देवप्रयाग पहुंचाया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कीर्तिनगर के एसडीएम पंकज भट्ट के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग से टीम मौके पर पहुंच गई थी। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई, जिसके बाद टीम ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सत्येश्वरी देवी (72), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल, पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली, जिला चमोली के रूप में हुई है।
घायलों के नाम
घायलों में उत्तम सिंह (33), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18), पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना रुद्रप्रयाग; और सुनीता देवी (45), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, जिला रुद्रप्रयाग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



